अंतरराष्ट्रीय पदक जीतने वाली पिथौरागढ़ की मुक्केबाजों का सम्मान..
उत्तराखंड: अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्तराखंड का नाम रोशन करने वाली राज्य की महिला मुक्केबाजों को सीएम पुष्कर सिंह धामी ने सम्मानित किया। मंगलवार को सीएम आवास में आयोजित कार्यक्रम में सीएम धामी ने पिथौरागढ़ की मुक्केबाज निकिता चंद, काजल फर्स्वाण और आरती धारियाल को उनकी शानदार उपलब्धियों के लिए सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर सीएम ने खिलाड़ियों के साथ उनके प्रशिक्षकों को भी सम्मानित किया। उन्होंने कोच बृजेंद्र मल और ललित कुंवर के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि खिलाड़ियों की सफलता में प्रशिक्षकों की मेहनत और मार्गदर्शन की अहम भूमिका होती है। बता दे कि इंडोनेशिया के जकार्ता में 3 से 15 जुलाई 2026 तक आयोजित अंडर-23 एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप में उत्तराखंड की मुक्केबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया था। पिथौरागढ़ की निकिता चंद ने 60 किलोग्राम भार वर्ग और काजल फर्स्वाण ने 65 किलोग्राम भार वर्ग में रजत पदक जीतकर देश और प्रदेश का गौरव बढ़ाया।
पिथौरागढ़ के बड़ालू गांव की रहने वाली निकिता चंद इससे पहले भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुकी हैं। उन्होंने वर्ष 2021, 2022 और 2023 में एशियन चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक हासिल किए थे। वर्तमान में निकिता अपने प्रशिक्षकों बृजेंद्र मल और भास्कर भट्ट के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण ले रही हैं। वहीं, मुनस्यारी क्षेत्र के भदेली गांव निवासी काजल फर्स्वाण ने भी बॉक्सिंग में लगातार उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने अंडर-19 एएसबीसी एशियन चैंपियनशिप में रजत पदक, अंडर-23 एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप में कांस्य पदक और 38वें नेशनल गेम्स-2025 में रजत पदक जीतकर अपनी प्रतिभा साबित की है। वर्तमान में काजल पटियाला स्थित राष्ट्रीय महिला बॉक्सिंग कैंप में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं।
कार्यक्रम में पिथौरागढ़ की एक अन्य प्रतिभाशाली मुक्केबाज आरती धारियाल को भी सम्मानित किया गया। आरती ने रोमानिया में आयोजित गोल्ड बेल्ट बॉक्सिंग प्रतियोगिता में 54 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर देश का मान बढ़ाया है। गौरीहाट, पिथौरागढ़ की निवासी आरती इससे पहले वर्ष 2024 और 2025 में एलीट महिला राष्ट्रीय बॉक्सिंग चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीत चुकी हैं। वर्तमान में वह भी पटियाला स्थित राष्ट्रीय महिला बॉक्सिंग कैंप में प्रशिक्षण ले रही हैं।
सीएम धामी ने कहा कि उत्तराखंड की बेटियां अपनी मेहनत, प्रतिभा और दृढ़ संकल्प के दम पर लगातार नए कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं। उन्होंने कहा कि निकिता चंद, काजल फर्स्वाण और आरती धारियाल की उपलब्धियां प्रदेश की अन्य युवा प्रतिभाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक हासिल करना खिलाड़ियों की मेहनत के साथ-साथ प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन और परिवार के सहयोग का परिणाम है। राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए बेहतर प्रशिक्षण सुविधाएं, संसाधन और आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार काम कर रही है। उत्तराखंड में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए सरकार की ओर से खेल सुविधाओं के विस्तार और खिलाड़ियों को मंच उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। प्रदेश के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में लगातार शानदार प्रदर्शन कर राज्य का गौरव बढ़ा रहे हैं।
